रतन गुप्ता उप संपादक
10/9/2024
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन के बाद देशभर में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत शीर्ष हस्तियों ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
86 वर्षीय रतन टाटा ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में ली अंतिम सांस
रतन टाटा के निधन पर देशभर में शोक की लहर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत
शीर्ष हस्तियों ने जताया शोक
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। टाटा समूह ने इसकी जानकारी दी है। टाटा समूह ने कहा कि अपार दुख के साथ हम अपने प्रिय रतन के शांतिपूर्ण निधन की घोषणा करते हैं। हम, उनके भाई, बहन और स्वजन, उनकी प्रशंसा करने वाले सभी लोगों के प्रेम और सम्मान से सांत्वना महसूस करते हैं।
रतन टाटा के निधन पर टाटा समूह के अध्यक्ष एन चन्द्रशेखरन ने कहा कि अत्यंत दुख के साथ हम रतन नवल टाटा को विदाई दे रहे हैं। वह वास्तव में एक असाधारण नेतृत्वकर्ता थे, जिनके अतुलनीय योगदान ने न केवल टाटा समूह को बल्कि राष्ट्र को भी आकार दिया है।
रतन टाटा के साथ मुलाकात प्रेरणादायक थी- सुंदर पिचाई
गूगल के CEO सुंदर पिचाई ने ट्वीट किया, “रतन टाटा के साथ गूगल में मेरी आखिरी मुलाकात में हमने वेमो की प्रगति के बारे में बात की और उनका विजन सुनना प्रेरणादायक था। वे एक असाधारण व्यवसाय और परोपकारी विरासत छोड़ गए हैं और भारत में आधुनिक व्यावसायिक नेतृत्व को मार्गदर्शन और विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें भारत को बेहतर बनाने की गहरी चिंता थी। उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना और श्री रतन टाटा जी को शांति मिले।”
रतन टाटा का पार्थिव शरीर उनके आवास पर ले जाया गया
उद्योगपति रतन टाटा का पार्थिव शरीर कोलाबा स्थित उनके आवास पर ले जाया गया। वहीं, रतन टाटा के निधन पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि रतन टाटा जी बहुत ही सफल उद्योगपति तो थे ही लेकिन उससे भी बड़े व्यक्ति के रूप में हम उन्हें देखते हैं। उन्होंने देश और समाज के लिए काम किया है। उन्होंने केवल सफल उद्योग नहीं बल्कि एक ऐसा ब्रांड खड़ा किया जिसने हमारे देश को एक वैश्विक पहचान दी… देश के लिए ये बहुत बड़ा नुकसान है।
झारखंड में एक दिवसीय शोक
झारखंड सरकार ने एक दिवसीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा है कि झारखंड जैसे देश के पिछड़े राज्य को विश्व में पहचान दिलाने वाले टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन एवं पद्यविभूषण रतन टाटा जी के देहावसान पर एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की जाती है।
क्या बोले मुकेश अंबानी?
उद्योगपति मुकेश अंबानी ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने अपने सबसे शानदार और दयालु बेटों में से एक को खो दिया है।
महाराष्ट्र का गौरव रतन टाटा: एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि भारत के रत्न रतन टाटा अब नहीं रहे, यह सभी के लिए बहुत दुखद खबर है।
ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे मुकेश अंबानी
रतन टाटा के निधन के बाद हर कोई सदमें में है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे।