
नेपाल,भारत सिमा संवाददाता जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
02/06/2025
काठमाण्डौ,नेपाल – भारतीय सेना ने सोमवार को बताया कि मूसलाधार बारिश के बाद पूर्वोत्तर भारत में हुए भूस्खलन में तीन सैनिकों की मौत हो गई और 6 अन्य लापता हैं।
नेपाल और चीन की सीमा से लगे हिमालयी राज्य सिक्किम में रविवार शाम 7 बजे सेना के एक शिविर में भूस्खलन होने से तीन सैनिकों की मौत हो गई। सुत्रो के अनुसार, उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। मलबे से चार लोगों को जीवित बचा लिया गया है, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। लेकिन 6 सैनिक अभी भी लापता हैं और तलाशी एवं बचाव अभियान जारी है।
सेना ने सोमवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक सैनिक हवलदार लखविंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखड़ा हैं।
इस बीच, सिक्किम के लाचेन और लाचुंग इलाकों में 30 मई से फंसे एक हजार से अधिक पर्यटकों को भी आज बचा लिया गया।
पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 37 लोगों की मौत
सिक्किम समेत पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में पिछले चार दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। इसके चलते आई बाढ़ और भूस्खलन में अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है।
भारतीय सुत्रो के अनुसार, असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5 और मेघालय में 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
सिक्किम में अक्टूबर 2023 में बादल फटने के बाद तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गई थी, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई थी।
भारतीय सेना के 22 जवानों समेत कम से कम 98 लोग लापता हैं। उनका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
राहत और बचाव में सेना सक्रिय
पूर्वोत्तर भारत में आपदा प्रबंधन के लिए भारतीय सेना, वायुसेना और असम राइफल्स के जवानों को तैनात किया गया है।
असम में बाढ़ से 3.64 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। ब्रह्मपुत्र और बराक समेत दस प्रमुख नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
मणिपुर में 19,000 से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, 3,365 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। त्रिपुरा में 10,000 से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
भारी बारिश के कारण मिज़ोरम की राजधानी आइज़ोल के सभी स्कूलों को 2 जून को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
मिज़ोरम में 30 मई से अब तक 211 भूस्खलन दर्ज किए गए हैं।
अन्य राज्य अलर्ट पर
राजस्थान के 30 और मध्य प्रदेश के 50 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के वैशाली में रविवार शाम को तूफ़ान और बारिश के कारण एक घर ढहने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
बिहार के 9 जिलों में हवा और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
सेना ने एक बयान में कहा कि रविवार शाम को भारी बारिश के कारण एक बड़ा भूस्खलन सेना के एक शिविर पर हुआ। सेना ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें एक इमारत आंशिक रूप से डूबी हुई दिखाई दे रही है।
भारत में मानसून के मौसम में अचानक बाढ़ आना आम बात है। यह आमतौर पर जून में शुरू होती है और सितंबर के अंत तक कम हो जाती है। हाल के वर्षों में दक्षिण एशिया गर्म हो रहा है और मौसम के पैटर्न में बदलाव आया है।